डीएवी पब्लिक स्कूल देहरादून में ‘अभिव्यक्ति 2.0’ का भव्य आगाज़, 161 से अधिक प्रतिनिधियों ने लिया भाग








Listen to this article

पथ प्रवाह, देहरादून।
डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून में 26 जुलाई को दो दिवसीय अंतरविद्यालयी मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) सम्मेलन ‘अभिव्यक्ति 2.0’ का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, प्रभावी संवाद कौशल, कूटनीतिक दृष्टिकोण और वैश्विक मुद्दों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम डीएवी कॉलेज प्रबंधन समिति, नई दिल्ली के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी की दूरदर्शी विचारधारा के अनुरूप आयोजित किया गया।

विशेष बात यह रही कि पिछले वर्ष यह सम्मेलन विद्यालय स्तर तक सीमित था, जबकि इस बार इसे अंतरविद्यालयी स्वरूप दिया गया। सम्मेलन में डीएसबी ऋषिकेश, नैन्सी इंटरनेशनल स्कूल, दून लॉरेल्स, एडिफाई वर्ल्ड स्कूल, दून इंटरनेशनल स्कूल, एसजीआरआर रेसकोर्स, विवेकानंद स्कूल, सेंट जूड्स सहित विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के 161 से अधिक प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

सम्मेलन के अंतर्गत संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA), संयुक्त राष्ट्र महिला स्थिति आयोग (UNCSW), ऑल इंडिया पॉलिटिकल पार्टीज़ मीट (AIPPM), लोकसभा, यूवीएस तथा इंटरनेशनल प्रेस (IP) जैसी छह समितियों का गठन किया गया। इन समितियों में प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के समसामयिक विषयों पर गहन चर्चा और विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वैदिक परंपरा के अनुसार हवन के साथ किया गया, जिससे आयोजन में भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी। मुख्य अतिथि सुप्रीम कोर्ट से संबद्ध अधिवक्ता आर्यन देव उनियाल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में चरित्र, ईमानदारी और जिम्मेदारी को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण उपयोग और गुरुजनों व अभिभावकों के प्रति सम्मान बनाए रखने की भी प्रेरणा दी।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शालिनी समाधिया एवं मुख्य अतिथि ने कार्यकारी मंडल के सदस्यों को गैवल प्रदान कर समिति की कार्यवाही का औपचारिक शुभारंभ किया। तत्पश्चात सचिव-जनरल ऋषभ रावत ने ‘अभिव्यक्ति 2.0’ के उद्घाटन की औपचारिक घोषणा की।

सम्मेलन के प्रथम दिवस में विभिन्न समितियों में सार्थक एवं ज्ञानवर्धक चर्चाएं हुईं, जहां विद्यार्थियों ने अपने शोध, वक्तृत्व कौशल और नेतृत्व क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। आयोजन के दूसरे दिन भी वाद-विवाद, प्रस्ताव निर्माण और गहन विचार-विमर्श की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इस प्रकार ‘अभिव्यक्ति 2.0’ के प्रथम दिन का समापन उत्साह, ज्ञान और नवाचार के संग सफलतापूर्वक हुआ, जिसने विद्यार्थियों को वैश्विक मंच पर अपनी अभिव्यक्ति का सशक्त अवसर प्रदान किया।