दूसरी के चक्कर में पत्नी और सास की कर दी हत्या, बहन को बताया तो उड़ गए होश




नवीन चौहान.
अवैध संबंधों के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी और सास की हत्या कर दी। दो हत्याएं होने की जानकारी जब लोगों को लगी तो सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार जसपुर के मोहल्ला नत्था सिंह निवासी निखिल नाथ उर्फ सोनूनाथ ने आठ वर्ष पूर्व टांडा गांव अफजल ठाकुरद्वारा निवासी निशु से प्रेम विवाह किया था। नीशु से उसके दो बेटे ओम और स्पर्श है। आरोप है कि सोनूनाथ अक्सर लड़कियों को घर पर लाता रहता था। उसकी पत्नी नीशु इस पर एतराज करती थी।

बताया गया कि करीब एक सप्ताह पूर्व भी सोनू जब किसी लड़की को लेकर घर आया तब पति पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद नीशु अपने बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। शनिवार की शाम को नीशु अपनी मां जयंती देवी और बच्चों को साथ लेकर वापस आ गई थी। उसे आशंका थी कि उसका पति उससे फिर झगड़ा करेगा। मोहल्ले वालों का कहना है कि देर रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। रात में पत्नि और सास का कत्ल कर बच्चों को साथ लेकर वो फरार हो गया।

रविवार सुबह उसने अमरोहा में अपनी बहन के घर पहुंच कर पत्नी और सास को मारने की बात बतायी, उसके बाद वह अपने बच्चों को वहां छोड़कर यह कहकर चला आया कि पुलिस को सूचना देने जा रहा है। घटना की सूचना पर एसपी काशीपुर चंद्र मोहन, सीओ वीर सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी की। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *