नवीन चौहान.
अचानक गायब हुई सीआरपीएफ जवान की पत्नी का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। उसकी हत्या उसके मैकेनिक प्रेमी ने गला दबाकर की थी। हत्या के बाद शव को उसने नाले में फेंक दिया था।
पुलिस ने महिला के मोबाइल की सीडीआर के आधार पर प्रेमी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर महिला के शव को बरामद किया है। यह घटना कानपुर जनपद के पनकी थाना इलाके के रतनपुर की है। यहां रहने वाले सीआरपीएफ जवान की पत्नी का पड़ोस में रहने वाले मिस्त्री से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जवान अपनी ड्यूटी के कारण घर पर नहीं रहता था, इसका फायदा उठाकर उसकी पत्नी का प्रेमी मुख्तार घर पर आता जाता था। घर पर जवान की पत्नी गीता अपने दो बच्चों के साथ रहती थीं।
बीती 20 फरवरी को जवान ने अपनी पत्नी के मोबाइल पर फोन किया तो वह रिसीव नहीं हुआ। काफी प्रयास के बाद भी जब फोन रिसीव नहीं हुआ तब जवान ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस घर पहुंची लेकिन वहां जवान की पत्नी नहीं मिली।
जवान को जब यह जानकारी मिली तो वह अपने घर लौट आया। उसने पनकी थाने में अपनी पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई। गुमशुदगी दर्ज करने के बाद पुलिस ने महिला के मोबाइल की सीडीआर निकाली, जिसमें मिस्त्री मुख्तार के नंबर पर सबसे अधिक बार बात होनी सामने आयी। शक के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिस पर मुख्तार ने हत्या की बात कबूल कर पुलिस को बताया कि उसने गला दबाकर हत्या के बाद शव को नाले में फेंक दिया है।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर नाले से महिला का शव बरामद कर लिया। जिसकी शिनाख्त जवान ने अपनी पत्नी के रूप में की। आरोपी मिस्त्री ने बताया कि वह महिला के गांव का ही रहने वाला है। शादी से पहले ही उसके संबंध थे। यहां भी उसके पास आता जाता था। लेकिन कुछ समय से महिला किसी ओर से भी बात करने लगी। मना करने के बाद भी वह नहीं मानी तो घटना की शाम कार से अपने साथ ले जाकर उसकी गला दबा कर हत्या कर दी और शव को नाले में फेंक दिया।