ज्वालापुर स्थित आवास पर पहुंचकर अर्पित किए श्रद्धा सुमन, परिजनों को दी सांत्वना
न्यूज 127, हरिद्वार।
हरिद्वार प्रेस क्लब के वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण झा के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत उनके ज्वालापुर स्थित आवास पर पहुंचे।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिवंगत प्रवीण झा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रवीण झा का निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में समाज से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रमुखता से उठाया और अपनी लेखनी के माध्यम से जनसरोकारों को सामने रखा।
सांसद ने शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की। उनके आवास पर मौजूद पत्रकारों और गणमान्य लोगों ने भी दिवंगत प्रवीण झा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृतियों को याद किया।


