फेसबुक पर महिला सिपाही के प्रेम जाल में फंसा नेपाली चोर, 80 लाख की चोरी में 4 साल से था फरार




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ/हरिद्वार।
चार साल से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे एक शातिर नेपाली चोर को आखिरकार उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला कांस्टेबल ने अपने ‘डिजिटल जाल’ में फंसाकर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। मेरठ के एक बिल्डर के घर से लगभग 80 लाख रुपये की बड़ी चोरी कर नेपाल भागे आरोपी को पुलिस ने बड़े ही नाटकीय अंदाज में हरिद्वार से गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान लाल भीम भूल (निवासी लेकोट, थाना वायल, जिला डोटी, नेपाल) के रूप में हुई है। वह वर्ष 2020 से मेरठ पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। चोरी की घटना के बाद आरोपी अपने गृह राज्य नेपाल भाग गया था, जिससे उस तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण बना हुआ था। आरोपी को भारत की सीमा में लाने के लिए मेरठ पुलिस ने एक अनोखी रणनीति बनाई। इसके तहत पुलिस टीम की एक महिला कांस्टेबल ने फेसबुक के माध्यम से उससे संपर्क साधा और दोस्ती की।

महिला सिपाही ने खुद को हरिद्वार का निवासी बताया। लगभग एक महीने तक दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही, जिससे आरोपी को दोस्ती पर गहरा भरोसा हो गया। जब आरोपी पूरी तरह विश्वास में आ गया, तो महिला कांस्टेबल ने उसे मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। प्यार और मुलाकात की उम्मीद में जैसे ही आरोपी सीमा पार कर हरिद्वार पहुंचा, वहां पहले से सादे कपड़ों में मुस्तैद मेरठ पुलिस की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। चार साल तक कानून से भाग रहे शातिर अपराधी का यह अंत साबित करता है कि अपराधी कितना भी चालाक क्यों न हो, कानून के हाथ उस तक पहुंच ही जाते हैं।