न्यूज 127. हरिद्वार।
हरिद्वार पुलिस की देर रात बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में आमने सामने से गोली चली। देर रात हुई इस मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में कामयाब रहा। फरार बदमाश की तलाश में भी पुलिस कांबिंग कर रही है।

पुलिस के मुताबिक देर रात्रि थानाध्यक्ष बुग्गावाला जोनल चैकिंग के दौरान यूपी बार्डर से थाना क्षेत्रान्तर्गत बंजारावाला की ओर सरकारी मोबाइल वाहन से गश्त करते हुए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही दो मोटर साइकिल सवार ग्राम बंजारावाला की ओर से आते हुए दिखाई दिये। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम ने इनको रूकने का इशारा किया। पुलिस का कहना है कि इस पर बाइक सवार संदिग्धों ने पुलिस कर्मियों पर जान से मारने की नियत से तमंचे से फायर झोंक दिया। जिससे पुलिसकर्मी गोली लगने से बाल बाल बचे। बदमाशों को ललकारते हुए बचाव में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया है।

घायल बदमाश से नाम व पता पूछने पर उसने पुलिस को अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला थाना बुग्गावाला जिला हरिद्वार बताया। तलाशी में उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, 02 खोखा कारतूस, 02 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए बदमाश के पास से बीती 09 जून को अमानतगढ़ फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से सम्बंधित पीड़ित का मोबाईल फोन बरामद हुआ है। फरार बदमाश का नाम गुलजार निवासी खेडी शिकोहपुर थाना भगवानपुर बताया गया है। घायल बदमाश को उपचार हेतु सिविल अस्पताल रूडकी ले जाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं फरार अभियुक्त के लिए पुलिस टीम की कांबिंग कर रही है। घायल बदमाश से पूछताछ के बाद कुछ और जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है।




