मानसिक स्वास्थ्य विषय पर डीएवी देहरादून में कार्यशाला, मनोवैज्ञानिक डॉ मुकुल शर्मा ने दिया सकारात्मक जीवन का मंत्र








Listen to this article


देहरादून
डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून में मानसिक स्वास्थ्य विषय पर आधारित एक विशेष एवं ज्ञानवर्धक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला का संचालन देश के ख्याति प्राप्त नैदानिक मनोवैज्ञानिक डॉ. मुकुल शर्मा के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।
मनोवैज्ञानिक डॉ. मुकुल शर्मा मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में वर्षों का व्यापक अनुभव रखते हैं और अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें देश के राष्ट्रपति द्वारा दो बार सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें एक्सिलेंस अवॉर्ड से नवाजा गया है। उल्लेखनीय है कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब तक 215 से अधिक प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं, जो उनके योगदान और विशेषज्ञता को दर्शाते हैं।


कार्यशाला में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शालिनी समाधिया सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों को तनावपूर्ण जीवनशैली में मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
डॉ. मुकुल शर्मा ने अपने संबोधन में अत्यंत सहज, रोचक और हास्य-विनोदपूर्ण शैली के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाया। उन्होंने ध्यान, संतुलित दिनचर्या और सकारात्मक सोच को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर देते हुए कहा कि “समस्याएं जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन हमें उनके बजाय समाधान पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।”


उन्होंने यह भी बताया कि निरंतर सीखना और स्वयं को समय-समय पर विकसित करना ही स्वस्थ और संतुलित जीवन की कुंजी है। कार्यशाला के दौरान शिक्षकों द्वारा पूछे गए विभिन्न समस्यात्मक प्रश्नों का उन्होंने सरल, व्यावहारिक और समाधानपरक उत्तर देकर सभी को संतुष्ट किया।


विशेष बात यह भी रही कि देशभर की कई प्रतिष्ठित हस्तियों और सिनेमा जगत से जुड़े लोगों ने भी अपनी व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान के लिए डॉ. मुकुल शर्मा के मार्गदर्शन का लाभ उठाया है। वर्तमान में वे ‘हैप्पीनेस प्रोग्राम’ के माध्यम से समाज को मानसिक रूप से सशक्त और सकारात्मक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। कार्यशाला के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला अनुभव बताया।