राहुल गांधी की बिगड़ी तबियत, विपक्षी गठबंधन की रैली में नहीं होंगे शामिल




नवीन चौहान.
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि वह बीमार हो गए हैं। पार्टी के नेता जयराम रमेश ने अपने एक्स अकाउंट पर राहुल गांधी के बीमार होने की जानकारी शेयर की है। राहुल को आज रांची में होने वाली विपक्षी गठबंधन की रैली में शामिल होना था, लेकिन अब वह वहां नहीं जाएंगे।

आज झारखंड की राजधानी रांची में विपक्षी गठबंधन पार्टियों की रैली है। इसी बीच कांग्रेस पार्टी के नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “राहुल गांधी आज सतना और रांची में चुनाव प्रचार के लिए पूरी तरह से तैयार थे, जहां इंडी गठबंधन की रैली हो रही है। लेकिन वह अचानक बीमार हो गए हैं और फिलहाल नई दिल्ली से बाहर नहीं जा सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी अवश्य सतना में जनसभा को संबोधित करने के बाद रांची की रैली में शामिल होंगे।”

प्रभात तारा मैदान में होने वाली इस रैली में कुल 14 राजनीतिक पार्टियां भाग लेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस सांसद डेरेक ओ’ब्रायन, शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के दीपांकर भट्टाचार्य भी इस रैली को संबोधित करेंगे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *