न्यूज 127, देहरादून।
राष्ट्रीय स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून के छात्र सार्थक ममगाई ने इतिहास रचते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उसकी इस उपलब्धि पर डीएवी परिवार ने बधाई दी है।
संपूर्ण उत्तराखंड एवं डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून के लिए यह अत्यंत हर्ष एवं गर्व का विषय है कि विद्यालय की कक्षा 12वीं के छात्र एवं उभरते जूड़ो खिलाड़ी सार्थक ममगाईं ने चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय कैडेट जूडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक प्राप्त कर अपने परिवार, विद्यालय एवं उत्तराखंड राज्य को गौरवान्वित किया है। छात्र ने अंडर-55 किलोग्राम भार वर्ग में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।
10 से 13 जून 2026 तक चंडीगढ़ में आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्र सार्थक ने शानदार प्रदर्शन किया तथा अपने सभी मुकाबलों में उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। छात्र ने अपनी उत्कृष्ट सफलता के बल पर विद्यालय के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। छात्र सार्थक ममगाईं की इस उपलब्धि का एक और महत्त्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि इसी प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन भारत की ओर से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली अलग-अलग प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए किया गया है। वे 15 से 17 जुलाई 2026 तक जॉर्डन के अम्मान में आयोजित एशियाई कैडेट जूडो चैंपियनशिप तथा 18 से 22 अगस्त 2026 के मध्य इक्वाडोर के ग्वायाकिल में आयोजित विश्व कैडेट जूडो चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यालय परिवार के लिए यह अत्यंत प्रसन्नता और गौरव का अवसर है। छात्र सार्थक की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि यदि विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति पूर्णतः सजग रहे, एकाग्रचित्त होकर निरंतर प्रयास करता रहे तथा समय का उचित प्रबंधन करे, तो वह अध्ययन के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-शैक्षिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर सकता है। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया एवं समस्त शिक्षकगण ने छात्र सार्थक ममगाईं को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं तथा आगामी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
राष्ट्रीय स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून के छात्र ने रचा कीर्तिमान




