गांधी जयंती पर डीएवी की ‘फिट डीएवी स्वतंत्रता दौड़’ में दौड़े विद्यार्थी, दिया स्वस्थ जीवन का संदेश




Listen to this article

पांच किलोमीटर की दौड़ में बालक वर्ग में ऋतिक नमन झा और बालिका वर्ग में श्रीया भट्ट ने मारी बाजी, कर्नल विजय कुमार ने किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन

न्यूज 127, देहरादून।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून में शुक्रवार को स्वास्थ्य, अनुशासन और सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए ‘रन फॉर डीएवी’ दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष प्रतियोगिता की प्रेरणादायी थीम ‘फिट डीएवी स्वतंत्रता दौड़’ रखी गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन के साथ पांच किलोमीटर की दौड़ में प्रतिभाग कर स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और सशक्त राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में 30 वर्षों तक देश की सेवा कर चुके कर्नल विजय कुमार मुख्य अतिथि तथा डॉ. बी.के. नौटियाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात प्रधानाचार्या ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।

‘रन फॉर डीएवी’ के अंतर्गत बालक एवं बालिका वर्ग के लिए अलग-अलग श्रेणियों में पांच किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने डिफेंस कॉलोनी का एक चक्कर पूरा करते हुए निर्धारित दूरी तय की। दौड़ के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे आयोजन स्थल पर उमंग, ऊर्जा और खेल भावना का वातावरण बना रहा।

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ मन और सशक्त व्यक्तित्व का आधार है। नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और अनुशासित दिनचर्या को अपनाकर न केवल स्वयं को स्वस्थ रखा जा सकता है, बल्कि जीवन में सकारात्मकता और आत्मविश्वास का भी संचार किया जा सकता है।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान

दौड़ के बालक वर्ग में ऋतिक नमन झा ने प्रथम, सूर्य नौटियाल ने द्वितीय तथा इशांत उनियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में श्रीया भट्ट ने प्रथम, प्राजीन रांगड़ ने द्वितीय तथा आराध्या प्रधान ने तृतीय स्थान हासिल किया। दौड़ को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए आयुष कन्थवाल को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि कर्नल विजय कुमार ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा खेलकूद एवं व्यायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शारीरिक फिटनेस के साथ अनुशासन और निरंतर प्रयास के महत्व पर बल दिया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. बी.के. नौटियाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अपने स्वास्थ्य और देश को प्राथमिकता देते हुए उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम बढ़ाने चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा अपनी ऊर्जा का उपयोग रचनात्मक कार्यों में करने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि फिटनेस, अनुशासन और सक्रिय जीवनशैली को दैनिक आदत बनाना आवश्यक है। शारीरिक गतिविधियां शरीर को मजबूत बनाने के साथ मानसिक दृढ़ता भी बढ़ाती हैं और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के द्वार खोलती हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सामूहिक सहभागिता, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या ने डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी, मैनेजर डॉ. अल्पना शर्मा तथा सहायक क्षेत्रीय अधिकारी पी.सी. पुरोहित सहित आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

गांधी जयंती पर आयोजित यह दौड़ विद्यार्थियों के लिए केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक सोच को अपनाने का प्रेरणादायी अवसर बनी।