न्यूज 127, हरिद्वार:
भारत सरकार के निर्देशों के अनुपालन में जनपद हरिद्वार में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता ही सेवा–2026 (SHS-2026)” अभियान का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार जनपद के सभी नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक व पर्यटन स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी।
‘स्वच्छता में सहभागिता’ थीम पर जन आंदोलन
इस वर्ष अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है। अभियान के प्रथम चरण में विद्यालयों में स्वच्छता शपथ, रैलियाँ, चित्रकला, वाद-विवाद व निबंध प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। छात्रों को जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण तथा रिड्यूस, रीयूज़ एवं रीसाइकिल (3R) के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही सार्वजनिक शौचालयों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों और नदी घाटों पर विशेष सफाई अभियान और श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कूड़े से कला और प्लास्टिक मुक्त बाजार पर जोर
23 से 26 सितम्बर: घर-घर जाकर कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक उन्मूलन, गीले-सूखे कचरे से कम्पोस्ट निर्माण, “कूड़े से कला” और प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेले का आयोजन होगा।
27 से 30 सितम्बर: धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर सफाई के साथ-साथ ‘सफाई मित्र सम्मान शिविर’, स्वास्थ्य परीक्षण, सुरक्षा उपकरण वितरण तथा स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया जाएगा।
02 अक्टूबर (गांधी जयंती): सामूहिक स्वच्छता श्रमदान, “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत पौधारोपण और विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। सभी विभागों को अभियान की गतिविधियों की फोटो व रिपोर्ट ‘स्वच्छता ही सेवा’ पोर्टल पर समयबद्ध रूप से अपलोड करने के निर्देश जारी किए गए हैं।


