नवीन चौहान.
लोकसभा चुनाव 2024 का इंतजार अब खत्म हो गया है। चुनाव आयोग ने 16 मार्च को तीन बजे प्रेस कांफ्रेंस बुलाकर इलेक्शन का शेड्यूल जारी करने का ऐलान किया है। बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के साथ ही चुनाव आयोग आंध्र प्रदेश, ओडिशा समेत 4 राज्यों के चुनावों की तारीखों का भी ऐलान करेगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार चुनाव आयोग की घोषणा के साथ ही पूरे देश में आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसके बाद सरकारें नई घोषणाएं नहीं कर सकेंगी। हालांकि पहले से जारी विकास कार्यों को पूरा किया जा सकेगा। आचार संहिता लागू होने पर राजनीतिक दलों को भी कई तरह के प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा।
चुनाव आयोग ने शुक्रवार को बताया कि राज्य विधानसभा चुनावों की तारीखों का भी ऐलान कल यानि शनिवार को किया जाएगा। बता दें कि 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के लिए 11 अप्रैल से लेकर 19 मई के बीच 7 चरणों में चुनाव कराए गए थे। चुनाव के परिणाम 23 मई को घोषित किए गए थे।
वर्ष 2019उ में हुए लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 303 सीटों पर जीत हासिल की थी। जबकि भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने कुल 353 सीटें जीतीं थी। कांग्रेस पार्टी महज 52 सीटों पर जीत दर्ज करा सकी और उसके नेतृत्व वाले गठबंधन को कुल 92 सीटें मिली थी। इस बार भाजपा 400 पार का नारा लेकर चुनाव मैदान में है। चुनाव से पहले विपक्षी दलों ने जो गठबंधन बनाया था वह भी फिलहाल बिखरा हुआ है।