DPS रानीपुर में दो दिवसीय अंतरविद्यालयी बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ










Listen to this article

हरिद्वार और रुड़की के 12 विद्यालयों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, अंडर-11, अंडर-13 और अंडर-15 आयु वर्ग में हो रहे मुकाबले

न्यूज 127, हरिद्वार
दिल्ली पब्लिक स्कूल रानीपुर में सोमवार को दो दिवसीय अंतरविद्यालयी बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में हरिद्वार और रुड़की क्षेत्र के 12 विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अंडर-11, अंडर-13 और अंडर-15 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग में एकल और युगल स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर रहे हैं।

प्रतियोगिता में बीएमएल मुंजाल मीडोज स्कूल रोशनाबाद, डीएवी सेंटेनरी स्कूल जगजीतपुर, अचीवर्स होम पब्लिक स्कूल जगजीतपुर, धूम सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल हरिद्वार, एबीएन आईआईटी रुड़की, डीपीएस दौलतपुर, शिवडेल स्कूल सेक्टर-1 बीएचईएल रानीपुर, डीपीएस रानीपुर, जीडी गोयनका स्कूल रुड़की, स्प्रिंगफील्ड स्कूल बहादराबाद, मोंटफोर्ट स्कूल रुड़की और बीएमएल मुंजाल ग्रीन मीडोज स्कूल पतंजलि के निकट के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

प्रधानाचार्य ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन
प्रतियोगिता का उद्घाटन डीपीएस रानीपुर के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने किया। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों और विद्यालयों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डीपीएस रानीपुर के समूह गायन वृंद ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जिससे वातावरण उत्साह और उमंग से भर गया। विद्यालय के उपप्रधानाचार्य प्रशासन पविंदर सिंह ने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबले
प्रतियोगिता के प्रथम दिन अंडर-11 बालक वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बे का प्रदर्शन किया। मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।

पहले क्वार्टर फाइनल में अर्णव ने साव्या को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में अभिनव सैनी ने ओजस के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।

तीसरे क्वार्टर फाइनल में अभिमन्यु और अलेक्जेंडर के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। चौथे क्वार्टर फाइनल में कबीर ने धैर्य को कड़े मुकाबले में हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

प्रतियोगिता के पहले दिन हुए मुकाबलों में अंडर-11 वर्ग के खिलाड़ियों की प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और खेल भावना देखने को मिली। सभी विद्यालयों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर मुकाबलों को रोमांचक बनाया।

दो दिवसीय चैंपियनशिप के दूसरे दिन अंडर-13 और अंडर-15 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।