डीपीएस रानीपुर की राष्ट्रीय एथलेटिक्स मीट में बने नए रिकॉर्ड, देव और फरीदाबाद की टीम ने रचा इतिहास




Listen to this article
  • चक्का फेंक में देव ने 53.10 मीटर का रिकॉर्ड बनाया, 4×400 मीटर रिले में फरीदाबाद ने 3 मिनट 36.56 सेकंड का समय निकालकर रचा कीर्तिमान

न्यूज 127, हरिद्वार।
डीपीएस रानीपुर में आयोजित इंटर-डीपीएस राष्ट्रीय एथलेटिक्स मीट (बालक ओपन)-2026 में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन के साथ नए कीर्तिमान स्थापित किए। दो दिवसीय प्रतियोगिता में डीपीएस फरीदाबाद के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। फरीदाबाद के देव ने चक्का फेंक स्पर्धा में 53.10 मीटर की दूरी दर्ज कर नया रिकॉर्ड बनाया, जबकि फरीदाबाद की टीम ने 4×400 मीटर रिले रेस में 3 मिनट 36.56 सेकंड का समय निकालकर प्रतियोगिता का एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया।

दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसाइटी, नई दिल्ली के तत्वावधान में 23 और 24 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के 37 डीपीएस विद्यालयों के 350 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का परिचय दिया।

चक्का फेंक स्पर्धा में देव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 53.10 मीटर की दूरी हासिल की। इसी तरह 4×400 मीटर रिले रेस में डीपीएस फरीदाबाद की टीम ने 3.36.56 मिनट का समय दर्ज कर नया रिकॉर्ड बनाया। देव का प्रदर्शन प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण रहा और उन्हें सर्वश्रेष्ठ एथलीट के खिताब से भी नवाजा गया।

प्रतियोगिता में डीपीएस फरीदाबाद के खिलाड़ियों ने कई व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी स्वर्ण पदक हासिल किए। सागर सैनी ने 800 और 400 मीटर दौड़ में दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। विहान खन्ना ने 100 मीटर दौड़ में और राम सैनी ने 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। गोला फेंक में भी देव ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

अन्य स्पर्धाओं में डीपीएस ग्रेटर नोएडा के नक्ष कुमार ने ऊंची कूद, डीपीएस फरीदाबाद के मान सिंह भड़ाना ने भाला फेंक और डीपीएस विशाखापत्तनम के पी. सन्मुख शिवाजी ने 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया।

समग्र प्रदर्शन के आधार पर डीपीएस फरीदाबाद ने ओवरऑल टीम चैंपियनशिप जीती। डीपीएस दुर्ग दूसरे और डीपीएस बाल्को तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता के समापन समारोह में भेल हरिद्वार के महाप्रबंधक एवं डीपीएस रानीपुर के प्रो-वाइस चेयरमैन नरेंद्र सिंह राणा ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर डीपीएस रानीपुर के सदस्य आशीष गुप्ता, अमित तिवारी, प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा और उपप्रधानाचार्य पविंदर सिंह मौजूद रहे।

प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही एक-दूसरे से सीखने का अवसर दिया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, अभिभावकों और खेल विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया।