भतरौजखान पहुंचे हरीश रावत, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, 2027 में सरकार बनाने का आह्वान




Listen to this article

News127 अल्मोड़ा।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के भतरौजखान पहुंचने पर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्य बाजार चौक में आमसभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक करन माहरा ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और पूरी तैयारी के साथ जुटने का आह्वान किया, ताकि पूर्ण बहुमत से कांग्रेस की सरकार बन सके। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता भ्रष्टाचार से परेशान है और प्रदेश के विकास के लिए भाजपा को सत्ता से हटाकर कांग्रेस को लाना जरूरी है।

जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लोगों से संवाद किया। कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और चुनाव में जीत दिलाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण रावत, डॉ. अजय पाल, अगस्त लाल साह, आनंदी रिखाड़ी, दीपक करगेती, अतुल जोशी, कमलेश बोरा, नेहा साह माहरा, गुसाईं राम, गोपाल देव, प्रेम अधिकारी, चंदन सिंह बिष्ट, कुलदीप कुमार, हेमंत रौतेला, मोहन सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।