मुख्य नगर आयुक्त के कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिया धरना




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
हरिद्वार नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और अनियमिताओं के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा है। पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार के कार्यालय के बाहर जमकर धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया है, जहां अधिकारियों की मिलीभगत से जनता के करोड़ों रुपए ठिकाने लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनियों को बिना किश्त लिए मुफ्त में भूमि और यूनीपोल बांटे जा रहे हैं, जबकि ठेकेदार के पास केवल 85 पोल की अनुमति होने के बावजूद 165 पोल पर अवैध विज्ञापन चल रहे हैं और उनसे किराया तक नहीं वसूला जा रहा है। उन्होंने बताया कि दो साल का 3 करोड़ 96 लाख 61 हजार 500 रुपए का ठेका होने के बावजूद कंपनी राशि जमा नहीं करा रही है। दूसरी ओर, निगम कर्मचारियों को नियमित नहीं किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि निगम को बचाने के लिए यदि आत्मदाह भी करना पड़ा तो पीछे नहीं हटेंगे।
इस प्रदर्शन में पार्षद सुनील कुमार, दिनेश पुंडीर, पुनीत कुमार, वसीम सलमानी और आशु श्रीवास्तव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।