‘रन फॉर यूनिटी’ में मुख्यमंत्री धामी ने की कई बड़ी घोषणाएं, पीआरडी जवानों का बढ़ेगा मानदेय, हर ग्राम पंचायत में बनेगा खेल क्लब




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा करते हुए कहा कि इसके लिए जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में ‘मुख्यमंत्री खेल क्लब’ का गठन किया जाएगा। इसके अलावा, देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र के पास मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण के लिए भूमि युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की घोषणा भी की गई।

खेल प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 की जाएगी, जिसमें पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा। साथ ही, विभिन्न स्तरों पर दी जाने वाली पुरस्कार राशि को भी बढ़ाया गया है, और ओवरऑल विजेता को मिलने वाले मुख्यमंत्री कप की राशि ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया दुःख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।