सरकारी चिकित्सकों को अब मिलेगा 70 वर्ष की आयु तक सेवाएं देने का मौका










Listen to this article

न्यूज 127, लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने वाले मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रदेश में अब सरकारी डॉक्टर रिटायरमेंट के बाद 70 वर्ष की आयु तक पुनर्नियुक्ति के माध्यम से अपनी सेवाएं दे सकेंगे। उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान व्यवस्था के तहत सरकारी डॉक्टर सेवानिवृत्ति के बाद अधिकतम 65 वर्ष की आयु तक ही सेवाएं दे पा रहे थे, जिसे अब 5 साल और बढ़ा दिया गया है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का कहना है कि प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग (PMS) के चिकित्सा अधिकारी और विशेषज्ञ डॉक्टर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में हर दिन लाखों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में योग्य और अनुभवी डॉक्टरों की सेवाएं 70 साल की उम्र तक मिलने से मरीजों को बेहतर विशेषज्ञ परामर्श और इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

सेवा अवधि में विस्तार: पुनर्नियुक्ति (Reappointment) की अधिकतम सीमा 65 वर्ष से बढ़ाकर 70 वर्ष की जा रही है।
अस्पतालों को राहत: स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की कमी दूर होगी और व्यवस्था में सुधार आएगा।
सिर्फ इलाज पर फोकस: इस व्यवस्था के तहत सेवा देने वाले डॉक्टरों को प्रशासनिक पदों के बजाय सीधे मरीजों के उपचार की जिम्मेदारी दी जाएगी।