एसपी सिटी ने किया श्यामपुर कोतवाली का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
पुलिस अधीक्षक नगर हरिद्वार दीपक सिंह ने कोतवाली श्यामपुर का वर्ष 2026 के प्रथम छमाही का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। कोतवाली पहुंचने पर सेरेमोनियल ड्रेस में सजी पुलिस गार्द ने सलामी देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों के टर्नआउट, वर्दी और साजो-सामान का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, कर्मचारी बैरक, भोजनालय, आपदा उपकरण कक्ष, थाना परिसर और निर्माणाधीन आधुनिकीकरण कार्यों का जायजा लिया गया। कार्यालय और सीसीटीएनएस कक्ष में विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने और अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

मालखाने और शस्त्रों की स्थिति भी परखी
एसपी सिटी ने मालखाने में रखे माल तथा संबंधित रजिस्टरों और अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने माल के उचित रखरखाव और अभिलेखीकरण को लेकर थानाध्यक्ष को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों ने शस्त्रों की हैंडलिंग, खोलने-बंद करने और सुरक्षित रखरखाव का अभ्यास भी किया। एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों को शस्त्रों के इस्तेमाल में आवश्यक सावधानी बरतने तथा आपात परिस्थितियों में तत्पर रहने के निर्देश दिए।

स्वच्छता व्यवस्था मिली संतोषजनक
थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, कर्मचारी बैरक, महिला हेल्प डेस्क और भोजनालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर की स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के बाद एसपी सिटी ने थानाध्यक्ष और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

लंबित विवेचनाओं और शिकायतों के निस्तारण पर जोर
एसपी सिटी ने सभी उपनिरीक्षकों और अपर उपनिरीक्षकों को लंबित विवेचनाओं एवं प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विवेचनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया। आगामी त्योहारों और मेलों को देखते हुए क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा पुलिस की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ ही कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

दीपक सिंह ने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यों का निष्ठा, अनुशासन और तत्परता के साथ निर्वहन करने तथा आमजन के साथ मधुर एवं शालीन व्यवहार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की शिकायतों को प्राथमिकता से सुनते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।