न्यूज 127, देहरादून।
उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए राज्य सिविल सेवा (पीसीएस) के 24 अधिकारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। 12 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश के तहत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से वर्तमान तैनाती से कार्यमुक्त करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के डिप्टी कलेक्टर बदले गए हैं, जबकि हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी सहित विभिन्न जिलों में नई तैनातियां की गई हैं।
शासनादेश के अनुसार हरिद्वार जिले को तीन नए डिप्टी कलेक्टर मिले हैं। इनमें देहरादून में तैनात कुमकुम जोशी, पौड़ी गढ़वाल में तैनात शालिनी मौर्य और टिहरी में तैनात मंजू राजपूत को डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार बनाया गया है। वहीं चंपावत में तैनात नीतू डागर को भी डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में राजकुमार पांडे को चमोली से देहरादून, बृजेश कुमार तिवारी को उत्तरकाशी से टिहरी, अभय प्रताप सिंह को ऊधमसिंह नगर से देहरादून तथा शिखा जोशी को नगर निगम रुद्रपुर से डिप्टी कलेक्टर नैनीताल भेजा गया है।
अर्पणा ढौंडियाल को डिप्टी कलेक्टर देहरादून से अधिशासी निदेशक, डोईवाला चीनी मिल बनाया गया है। अजयवीर सिंह को डोईवाला चीनी मिल से डिप्टी कलेक्टर टिहरी तथा तुषार सैनी को ऊधमसिंह नगर से डिप्टी कलेक्टर नैनीताल भेजा गया है।
मनीष बिष्ट को डिप्टी कलेक्टर ऊधमसिंह नगर की जिम्मेदारी से हटाकर निदेशक, प्रशासन एवं मानव संसाधन, पंतनगर तथा मुख्य कार्मिक अधिकारी, पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अन्य स्थानांतरणों में देवानंद को उत्तरकाशी से पौड़ी गढ़वाल, गौरव पांडेय को ऊधमसिंह नगर से नैनीताल, रेखा कोहली को नैनीताल से ऊधमसिंह नगर, मुकेश चंद्र रमौला को उत्तरकाशी से देहरादून, अमृता शर्मा को ऊधमसिंह नगर से नैनीताल तथा नवाजिश खालिक को नैनीताल से अल्मोड़ा भेजा गया है।
इसके अलावा चंद्रशेखर को चमोली से उत्तरकाशी, अबरार अहमद को चमोली से उत्तरकाशी, सुनील कुमार को अल्मोड़ा से रुद्रप्रयाग, संजय कुमार को अल्मोड़ा से ऊधमसिंह नगर, रेखा को पौड़ी गढ़वाल से ऊधमसिंह नगर तथा कृष्णा त्रिपाठी को रुद्रप्रयाग से चमोली स्थानांतरित किया गया है।
तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
शासनादेश में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी वर्तमान तैनाती से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्हें संबंधित कार्यभार प्रमाणक एवं आख्या कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


