तीन तलाक बोलकर विवाहिता को घर से निकाला, पति समेत 6 पर एफआईआर




Listen to this article

न्यूज 127, लक्सर।
पथरी थाना क्षेत्र में तीन तलाक और घरेलू उत्पीड़न का मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत छह आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुल्तानपुर आदमपुर निवासी आमना प्रवीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब 17 वर्ष पूर्व उसका निकाह पदार्था गांव निवासी नाजिम पुत्र स्वर्गीय निसार के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। शादी के बाद उनके तीन बच्चे हुए, जिनमें एक बेटा और दो बेटियां हैं। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति नाजिम, सास समीना, देवर नईम, देवरानी अफरोज और ननद नाजीमा उसे प्रताड़ित करने लगे। उसके साथ आए दिन मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी।

पीड़िता के मुताबिक, बीती नौ नवंबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने का प्रयास किया। इसी दौरान पति ने उसे तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। आरोप है कि उसे केवल पहने हुए कपड़ों में ही घर छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया गया। पति ने उसे और उसके मायके पक्ष के लोगों को दोबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद नौ नवंबर को पीड़िता का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि विवाहिता की तहरीर के आधार पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।