न्यूज 127, देहरादून।
देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास पर राज्यसभा सांसद एवं पूर्व दिग्गज भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हरभजन सिंह का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए भारतीय क्रिकेट में उनके उल्लेखनीय योगदान और खेल के प्रति समर्पण की जमकर सराहना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अपनी शानदार स्पिन गेंदबाजी के दम पर विश्व क्रिकेट में विशिष्ट पहचान बनाने वाले हरभजन सिंह का खेल जीवन देश के युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों और एक नई पहचान दिलाने में हरभजन सिंह का बेहद महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और हरभजन सिंह के बीच खेलकूद के विकास के साथ-साथ विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई।


