सीएम धामी ने किया 9वें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ, 52.55 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात




Listen to this article

न्यूज 127, टिहरी गढ़वाल।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल के थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देते हुए 52.55 करोड़ रुपये की कुल 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

थत्यूड़ सीएचसी के उच्चीकरण की बड़ी घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की मांग पर थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की मुख्य घोषणा की। इसके साथ ही, धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति दी। जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये और भवन बाजार की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया गया।

पर्यटन और स्वरोजगार को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराएं और लोककलाएं उत्तराखंड की अनूठी पहचान हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं। उन्होंने बताया कि टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों को करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से विशेष पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। झील के चारों ओर रिंग रोड के निर्माण के साथ कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कद्दूखाल में आठ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पार्किंग का निर्माण भी कराया जा रहा है।

पलायन रोकने के प्रयासों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के जरिए राज्य के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार मिल रहा है, जिससे इसकी बिक्री छह करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। साथ ही, कड़े नकल विरोधी कानून से पारदर्शिता लाकर 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

प्रगतिशील किसान और साहित्यकार सम्मानित
समारोह में कृषि क्षेत्र में नवाचार करने वाले ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर को सेब, अदरक, कीवी, केसर और रोजमैरी की खेती के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत का अनुवाद कर लोकसाहित्य को समृद्ध करने वाले ग्राम सभा पापरा के साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को ‘जौनपुर रत्न’ से नवाजा गया।

स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने विकास योजनाओं और घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी सहित कई जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।