न्यूज 127.
खाने में थूक मिलाने के मामले सामने आने के बाद उत्तराखंउ के पूर्व सीएम हरीश रावत ने इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है। हरीश रावत ने कहा कि ऐसे घृणित काम करने वाले लोगों से पुलिस को निपटना चाहिए। लेकिन इसे जेहाद का नाम देकर एक समुदाय को टारगेट नहीं किया जाना चाहिए।
पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि चंद लोगों की वजह से पूरे समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है यह ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि क्या यदि कोई हिंदू अपराध करता है तो पूरे हिंदू समुदाय को उसका दोषी मान लिया जाए। हरीश रावत ने कहा कि इससे पहले भी प्रदेश में लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसे शब्दों को प्रचारित कर उत्तराखंड की छवि खराब की गई है। बोले कि सीएम बताए कि अब कहां है लव जिहाद, कहां है लैंड जिहाद।
यूपी के बहराइच में हुई हिंसा के मामले में भी हरीश रावत ने कहा कि जो माहौल बनाया जा रहा है उसी का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। 25-30 करोड़ लोगों को टारगेट किया जा रहा है। बहराइच घटना को लेकर कहा कि उस वक्त नमाज में खलल डालने के लिए डीजे पर भड़काऊ गाने बजाए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास अपना कोई एजेंडा नहीं है, इसीलिए वह हिंदू मुस्लिम एजेंडा चलाती है।




