टूटे हुए पिता की पुकार, “आज मेरे बेटे के साथ हुआ है, कल किसी और के साथ हो सकता है”








Listen to this article

न्यूज 127, नई टिहरी।
केतन लाल हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर परिवार का दर्द अब पूरे उत्तराखंड के सामने एक सवाल बनकर खड़ा हो गया है। मृतक के पिता ने भावुक अपील करते हुए कहा कि पिछले 19 दिनों से वे अपने बेटे के लिए न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल तारीख पर तारीख मिल रही है।

पिता का आरोप है कि उनके बेटे के साथ बेहद क्रूरता की गई। उन्होंने कहा कि शरीर में कीलें ठोंकी गईं, नाखून उखाड़े गए और बेरहमी से हत्या की गई। इसके बावजूद अब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। परिजनों का यह भी आरोप है कि कोटखाल क्षेत्र में कुछ लोग रात के समय लाठियां लेकर घूम रहे हैं और खुलेआम हत्यारों के समर्थन में बातें कर रहे हैं। इससे परिवार और स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।

मृतक के पिता ने पूरे प्रदेश से अपील करते हुए कहा, “यह सिर्फ मेरे बेटे केतन की लड़ाई नहीं है। यह हर उस मां-बाप की लड़ाई है, जिसका बेटा घर से बाहर निकला है। आज मेरे घर पर दुख आया है, कल किसी और के घर भी आ सकता है।” परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, क्षेत्र के लोगों ने भी मामले में शीघ्र न्याय की मांग करते हुए कहा है कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो जनआक्रोश और बढ़ सकता है।