न्यूज 127, मेरठ (जोजो):
थाना पल्लवपुरम पुलिस ने फ्लैट दिलाने के नाम पर 31 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में काफी समय से वांछित चल रहे एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से धारा 84 BNSS की उद्घोषणा (कुर्की पूर्व मुनादी) भी जारी हो चुकी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत 10 अप्रैल 2026 को वादी ने थाना पल्लवपुरम पर तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि श्यामसुन्दर यादव ने फ्लैट देने का झांसा देकर उनसे ₹31 लाख प्राप्त कर लिए। इसके बाद आरोपी ने न तो फ्लैट दिया और न ही रकम वापस की। रुपये मांगने पर वह गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 105/2026, धारा 318(4), 352 व 351(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के आदेशानुसार वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पल्लवपुरम पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। आरोपी के लगातार फरार रहने पर न्यायालय के आदेश पर उसके पल्लवपुरम स्थित मकान पर नोटिस चस्पा कर लाउड हेलर से मुनादी भी कराई गई थी।
इसके बाद थानाध्यक्ष भरत सारस्वत के निर्देश पर गठित थाना पल्लवपुरम पुलिस टीम (उपनिरीक्षक सतीश चन्द्र, उपनिरीक्षक अनिल पाण्डेय और कांस्टेबल अरविन्द कुमार) ने 04 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई करते हुए अभियुक्त श्यामसुन्दर यादव (उम्र 55 वर्ष) को उसके मूल निवास ग्राम दोगारी मिश्र, थाना लार, जनपद देवरिया से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया अभियुक्त थाना पल्लवपुरम का चिन्हित हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।


