व्यापारियों ने की पार्किंग एवं अन्य सुविधाओं के विस्तार की मांग, मेलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका एवं अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती से भेंट कर कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने हरिद्वार के व्यापारियों एवं कुंभ मेला से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मेला प्रशासन के समक्ष रखते हुए कुंभ मेला मद से व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं के विस्तार का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के साथ शहर की दीर्घकालिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्थायी अवस्थापना कार्यों को प्राथमिकता दिए जाने की सराहना करते हुए सरकार एवं मेला प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया।
मेलाधिकारी सोनिका एवं अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में व्यापारियों सहित सभी हितधारकों के सुझाव एवं फीडबैक को महत्वपूर्ण मानते हुए योजनाबद्ध ढंग से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुंभ की तैयारियों के साथ हरिद्वार शहर की दीर्घकालीन आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखा जा रहा है, ताकि मेला अवधि के साथ-साथ भविष्य में भी इन कार्यों का लाभ स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को मिल सके।
अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर समुचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि शहर के आंतरिक क्षेत्रों में संपर्क मार्गों और नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने के साथ ही पार्किंग की व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी मेला प्रशासन का विशेष ध्यान है।
भेंटवार्ता के बाद प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संजीव नैयर, जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री विजय शर्मा, प्रदेश सचिव कमल बृजवासी, जिला महामंत्री प्रदीप कालरा, हरिद्वार तहसील अध्यक्ष राहुल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने कुंभ मेला-2027 को लेकर किए जा रहे कार्यों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने शहर के विभिन्न चौराहों के सुधार, सड़कों के सुदृढ़ीकरण तथा अन्य अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए बड़े पैमाने पर कराए जा रहे स्थायी कार्यों को महत्वपूर्ण बताया।