स्वच्छता अभियान से चमका हरिद्वार रेलवे स्टेशन, यात्रियों को दिया सफाई का संदेश




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आयोजित ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ और विशेष अभियान के तहत हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालय की विशेष साफ-सफाई की गई, साथ ही यात्रियों व स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक चंद्रेश आर्या ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन की प्राथमिक आवश्यकता है। साफ-सफाई को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर अनेक बीमारियों और स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने सभी से अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ बनाए रखने का आह्वान किया।

मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक देवेश सिंह रायपा ने बताया कि जागरूकता अभियान केवल स्टेशन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आसपास के गली-मोहल्लों में भी लोगों को प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि घर और आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। जब घर-परिवार स्वस्थ रहेगा, तभी समृद्ध समाज और देश का निर्माण संभव है।

वहीं मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक सुनील चौहान ने जानकारी दी कि रेलवे कॉलोनियों में भी स्वच्छता अभियान चलाकर कर्मचारियों और उनके परिवारों को जागरूक किया गया। उन्होंने यात्रियों और आमजन से अपील की कि वे कूड़ा-कचरा केवल निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें और रेलवे परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपना सक्रिय योगदान दें।