पीएम मोदी के लिए सीएम धामी ने उत्तरकाशी के काशी विश्वनाथ मंदिर में की विशेष पूजा




Listen to this article

न्यूज 127, उत्तरकाशी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की प्रार्थना की।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और देश के सर्वांगीण विकास के प्रति पूर्ण समर्पण का अद्वितीय काल रहा है। उन्होंने अपने नेतृत्व से देश को एक नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत’ के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ता रहे। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती से प्रधानमंत्री के सफल एवं दीर्घ सार्वजनिक जीवन के लिए बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेना उनके लिए बेहद सौभाग्य का विषय है।