उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री धामी




Listen to this article

उत्तरकाशी में बनेगा विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

न्यूज 127, उत्तरकाशी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं शक्ति मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं सेवा संकल्प सभा’ में प्रतिभाग किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते ढाई दशक में जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को अपने जीवन का मूल आधार बनाया है। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है और प्रति व्यक्ति आय 41 प्रतिशत बढ़ी है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और 3 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनी हैं। सतत विकास लक्ष्य (SDG) सूचकांक में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से बीते पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने उत्तरकाशी में ‘विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर’ के निर्माण की महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां शक्ति का यह पवित्र स्थल लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी, जिससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तरकाशी में 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 50 योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिनमें से 26 योजनाएँ पूरी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण की मांग का परीक्षण कराए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है और इसकी शीघ्र स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। डोडीताल, अवाना बुग्याल एवं हरि महाराज सौड़ बुग्याल के विकास एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखे जाने की भी घोषणा की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, विधायक पुरोला दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण एवं केदार सिंह रावत, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।