न्यूज 127, अल्मोड़ा/सोमेश्वर।
कैबिनेट मंत्री एवं सोमेश्वर विधायक रेखा आर्या ने शुक्रवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा और धन्यवाद रैली के दौरान जनता का आभार जताया। इस रैली में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की महिलाओं सहित भारी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। जनता से मिले अपार स्नेह और विश्वास के बीच कैबिनेट मंत्री भावुक भी नजर आईं।
जनता को संबोधित करते हुए रेखा आर्या ने कहा कि विषम परिस्थितियों में क्षेत्र की जनता ने जिस तरह उन पर भरोसा जताया और अपना अपनत्व दिया है, वह उनके लिए जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। जनता का यही समर्थन उनकी असली ताकत है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा क्षेत्र और प्रदेश के हितों को सर्वोपरि रखकर कार्य किया है और आगे भी सोमेश्वर के सर्वांगीण विकास तथा जनता की हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेंगी।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए। कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि सत्ता में रहते समय उसने सोमेश्वर और प्रदेश के विकास के लिए क्या कार्य किए तथा उसके शासनकाल में कितने घोटाले हुए। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी और निराधार आरोप-प्रत्यारोप से जनता का विश्वास कभी नहीं जीता जा सकता।
कैबिनेट मंत्री ने दो टूक कहा कि विपक्ष के ऐसे बेबुनियाद सवालों से उनकी जनसेवा की प्रतिबद्धता पर कोई असर नहीं पड़ेगा और न ही वह कमजोर होंगी। उनके लिए राजनीति का मुख्य उद्देश्य कोई पद हासिल करना नहीं, बल्कि आम जनता की सेवा करना और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। कितनी भी चुनौतियां या बाधाएं क्यों न आएं, वह अपने दायित्वों से पीछे नहीं हटेंगी।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, गणेश जलाल, दीपक बोरा, हरीश परिहार, वंदना आर्या, खड़क सिंह, अंजलि जोशी, दिनेश वर्मा, राजू रावत और गणेश रोतेला सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


