नगर आयुक्त नंदन कुमार ने किया प्रथम वेंडिंग जोन का निरीक्षण, वेंडर्स को दी सख्त चेतावनी




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
आगामी कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन से पूर्व शहर में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए शासन के निर्देशों के क्रम में हरिद्वार नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में नगर आयुक्त नंदन कुमार ने निगम के प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ललतारों पुल से चंडी चौराहा मार्ग तक स्थित प्रथम वेंडिंग जोन का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने वेंडिंग जोन के सभी लाभार्थियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे तय की गई सीमा के भीतर ही अपना व्यवसाय संचालित करें। उन्होंने अनावश्यक अतिक्रमण बढ़ाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इसके अलावा, नगर निगम के अनुबंध नियमों का पालन करने और वेंडिंग जोन में तंबाकू व गुटखा जैसी प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री न करने की सख्त हिदायत दी। वर्तमान में डेंगू के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए नगर आयुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल वेंडिंग जोन परिसर में कीटनाशक रसायनों का छिड़काव करने के कड़े निर्देश दिए। निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को भी वेंडिंग जोन की सीमाएं तय करने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने नगर आयुक्त के समक्ष कई प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने निगम द्वारा विकसित किए गए तीनों वेंडिंग जोन में मूलभूत सुविधाएं, सीसीटीवी कैमरे लगवाने, प्रांगण के फर्श का पुनर्निर्माण कराने और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने की मांग को प्रमुखता से दोहराया। साथ ही, दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग के पास विकसित किए जा रहे पांचवें वेंडिंग जोन के लाभार्थियों को सूचीबद्ध कर जल्द कारोबार की अनुमति देने और पंतदीप पार्किंग, विष्णु घाट तथा ललतारो घाट के पंजीकृत रेहड़ी-पटरी स्ट्रीट वेंडर्स को छठे वेंडिंग जोन के रूप में प्राथमिकता से स्थापित करने की मांग की।

निरीक्षण और इस पूरी प्रक्रिया के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ लिपि समिति प्रभारी शिव सिंह चौहान, मोहन लाल, मनीष शर्मा, ओमप्रकाश भाटिया, सोनू कुमार, कमल सिंह, उज्जवल सिरोही, श्याम कुमार, गजेंद्र सिंह, सुनील कुकरेती और फूल सिंह सहित कई प्रमुख अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।