मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप और कनखल क्षेत्र का निरीक्षण कर दिये कार्यों में तेजी लाने के निर्देश




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027 के आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने शुक्रवार को बैरागी कैंप, नया टापू, सती द्वीप, दक्ष द्वीप और कनखल क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शिविर स्थलों, घाटों के निर्माण व मरम्मत कार्यों तथा पुलों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ सभी कार्य समयसीमा में पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप और नया टापू क्षेत्रों में शिविरों के लिए भूमि की सफाई, समतलीकरण, अस्थायी संपर्क मार्गों, बिजली व पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सतीघाट से बैरागी कैंप को जोड़ने वाले 48 मीटर लंबे पैदल पुल और दक्ष द्वीप व बैरागी कैंप के बीच निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान के स्टील गर्डर डबल लेन पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, दरिद्रभंजन महादेव मंदिर के समीप मायापुर स्कैप चैनल पर प्रस्तावित बैली ब्रिज का काम तत्काल शुरू करने और कनखल क्षेत्र के संकरे मार्ग को चौड़ा करने पर भी जोर दिया गया।

मेलाधिकारी ने स्कैप चैनल पर निर्माणाधीन 260 मीटर लंबे घाट और कनखल के अन्य सार्वजनिक घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कैप चैनल की बंदी अवधि का उपयोग घाटों की सफाई व मरम्मत के लिए करने तथा स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए रेलिंग व चेन लगाने को कहा। साथ ही, दक्ष मंदिर क्षेत्र और कनखल श्मशान घाट की अवस्थापना सुविधाओं (प्रकाश, पेयजल, शौचालय आदि) को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनके सुझाव भी प्राप्त किए।

निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता सहित ग्रामीण निर्माण, लोनिवि, यूपीसीएल और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।