राष्ट्रीय एकता दिवस पर भव्य परेड का आयोजन, 16 अधिकारी और कर्मचारी सम्मानित




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रोशनाबाद, हरिद्वार में एक भव्य परेड का आयोजन किया गया। पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस दूरसंचार/फायर सर्विस उत्तराखण्ड की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस परेड में पुलिस बल ने अनुशासन, एकजुटता और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

परेड के उपरांत मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का पैदल भ्रमण किया और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ सम्मेलन आयोजित कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। इस दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के तहत जनपद के सभी थाना कार्यालयों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा एकता दिवस की शपथ ली गई।

समारोह के दौरान सराहनीय सेवाओं के लिए 16 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। इस भव्य आयोजन और सम्मेलन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह सहित पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक संचार और जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।