न्यूज 127, देहरादून।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के घंटाघर पहुंचकर भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता के बल पर 560 से अधिक रियासतों का ऐतिहासिक एकीकरण कर एक सशक्त और अखंड भारत की मजबूत नींव रखी थी। देश के पहले उप-प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में उनके अप्रतिम कार्यों को प्रत्येक भारतवासी हमेशा याद रखेगा। इस गरिमामयी अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल सहित कई गणमान्य लोग और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि


