मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया उत्तराखण्ड पुलिस के नवीन गौरव चिह्नों का अनावरण




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित सभागार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड पुलिस के नवीन ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का औपचारिक अनावरण किया। इसके साथ ही उन्होंने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आधारित ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ का भी शुभारंभ किया और उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में प्रोन्नत हुए अधिकारियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर बधाई दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की पहचान को नया स्वरूप देना केवल प्रतीकों में बदलाव नहीं है, बल्कि यह पुलिस बल की शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की परंपराओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस का नया ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ कर्तव्यनिष्ठा और साहस का संदेश देता है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस और हेल्पलाइन 1064 की समीक्षा के निर्देश
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबर 1064 की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि शिकायतों पर त्वरित और नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

6 नवंबर को उत्तराखण्ड पुलिस को मिलेगा ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय साझा करते हुए बताया कि आगामी 6 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से अलंकृत किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर पुलिस के जवान नई सेरेमोनियल वर्दी में परेड में शामिल होंगे।

उत्तराखण्ड पुलिस के नए प्रतीकों की विशेषताएं
उत्तराखण्ड पुलिस के नवीन प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, ‘सत्यमेव जयते’, स्वर्णिम लॉरेल रीथ (Laurel Wreath) तथा राज्य की विशिष्ट भौगोलिक पहचान को दर्शाते हुए हिमालय और नदी को समाहित किया गया है। इसके अलावा, पुराने तीन रंगों वाले ध्वज के स्थान पर गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि वाले नए ध्वज को अपनाया गया है, जिस पर नया पुलिस प्रतीक चिह्न अंकित है। बदलती चुनौतियों और आधुनिक समय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल के इन गौरव चिह्नों को नया स्वरूप दिया गया है।

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, महानिदेशक पी.वी.के. प्रसाद, महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन, सचिव दिलीप जावलकर, आर. राजेश कुमार, पंकज पांडेय, पुलिस महानिरीक्षक रिधिम अग्रवाल सहित शासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।