होटल के वेस्ट चेंबर की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार कर्मचारियों की मौत




Listen to this article

न्यूज 127.
‘होटल श्री गंगा’ में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। होटल के वेस्ट चेंबर (कचरा टैंक) की सफाई के दौरान कथित तौर पर जहरीली गैस की चपेट में आने से चार कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उज्जैन के एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि मध्य प्रदेश के उज्जैन में देवास रोड पर स्थित होटल के कर्मचारी और कुछ अन्य लोग बचे हुए खाने और कचरे को इकट्ठा करने वाले टैंक में उतरे थे। आशंका जताई जा रही है कि इस दौरान वहां अचानक जहरीली गैस का रिसाव हुआ और फर्श पर अत्यधिक फिसलन होने के कारण कर्मचारी बेहोश होकर गिर पड़े।

अंदर गिरे लोगों को बचाने के लिए जो अन्य लोग चेंबर में उतरे, वे भी गैस के प्रभाव से बेहोश हो गए। सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम ने सभी को बाहर निकाला और फौरन अस्पताल पहुंचाया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कर्मचारियों को होश में लाने के लिए सीपीआर (CPR) भी दिया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि बचाए गए दो अन्य लोगों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन ने इस दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी तो नहीं की गई थी।