आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने किया लोकार्पण
न्यूज 127, हरिद्वार।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गौसंरक्षण केवल धार्मिक दायित्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का प्रभावी माध्यम भी है।
मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से गौसेवा और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2010 में महज 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ संस्था का सेवा अभियान आज पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं तक पहुंच चुका है। संस्था के अनुसार, वर्तमान में 35 हजार से अधिक गोवंश की देखभाल की जा रही है। हरिद्वार में भी हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आजीवन संरक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एंबुलेंस अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय पहुंचा चुकी हैं। गौशालाओं में गोवंश के उपचार, चारे और पौष्टिक आहार की समुचित व्यवस्था की जा रही है। संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंदों को भोजन कराने के साथ जरूरतमंद परिवारों को राशन और चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देसी गोवंश के संरक्षण, नस्ल संवर्धन और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित कर रही है। उत्तराखंड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण और निराश्रित गोवंश की देखभाल के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश के 72 पंजीकृत और नौ अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम्य गोसेवक योजना पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है। बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जिले में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हो रहे हैं, जिनसे पर्वतीय क्षेत्रों के पशुपालकों और ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि में मशीनों का उपयोग बढ़ने से गोवंश, विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता में बदलाव आया है। ऐसे में निराश्रित गोवंश का संरक्षण बड़ी चुनौती बन गया है। इसके समाधान के लिए गौशालाओं के निर्माण के साथ गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना जरूरी है। इससे गौसंरक्षण के साथ किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज का सामूहिक दायित्व है। जनसहभागिता से ही गौसंरक्षण के प्रयासों को व्यापक स्वरूप दिया जा सकता है। सरकार गौसंरक्षण से जुड़े कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर रही है। गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
2027 कुंभ को भव्य और दिव्य बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेंगी। वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़कों, यातायात व्यवस्था, नए पुलों, संपर्क मार्गों और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कुंभ के मद्देनजर सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के साथ आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था विकसित की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि से स्वच्छता, सुव्यवस्था और आध्यात्मिक विरासत का सुखद अनुभव लेकर लौटें। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का अनुकरणीय मॉडल बनेगी। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए संस्था से जुड़े संतों, सेवकों, पदाधिकारियों और सहयोगियों को बधाई दी।
संत-महात्मा और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
लोकार्पण कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज, स्वामी सच्चिदानंद साक्षी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वर दास जी महाराज, स्वामी संजय महंत, हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री नितिन गौतम, आदेश सैनी, ओमप्रकाश जमदग्नि, अजीत चौधरी, श्यामवीर सैनी, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एडीएम जितेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


