न्यूज 127, हरिद्वार।
हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के बीएचईएल सेक्टर-1 में एक ही रात घर और दुकान में हुई चोरी की दो वारदातों का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दोनों घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, घड़ियां और तिल के तेल की पेटियां बरामद की हैं।
10 नवंबर की रात चोरों ने सेक्टर-1 निवासी पूजा भटनागर के घर का ताला तोड़कर जेवरात और अन्य सामान चुरा लिया था। उसी रात चोरों ने वीरेंद्र प्रताप सिंह की दुकान को निशाना बनाया और नकदी न मिलने पर तिल के तेल की दो पेटियां चुराकर झाड़ियों में छिपा दीं। पीड़ितों की शिकायत पर 11 नवंबर को रानीपुर कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम और सीआईयू हरिद्वार ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी मदद से सुराग जुटाए। इसके बाद 11 नवंबर की रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने सेक्टर-1 स्थित आर्य समाज मंदिर के पास से दोनों संदिग्धों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप (निवासी भभूतावाला बाग) और सुदीप (निवासी वाटर वर्क्स कॉलोनी) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी संदीप पर चोरी और शस्त्र अधिनियम के तहत पहले से छह मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सुदीप पर भी एक मामला दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।


