संतों पर यौन शोषण के आरोपों के बीच अग्नि अखाड़े के सचिव की मांग- संत बनने से पहले अनिवार्य हो नसबंदी




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
हरिद्वार में श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के महामंडलेश्वर एवं कथावाचक इंद्रदेव महाराज पर लगे यौन शोषण के आरोपों के बाद संत समाज में बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच, अग्नि अखाड़े के सचिव स्वामी सुमितानंद महाराज ने एक नया और बड़ा बयान देते हुए संत बनने से पहले नसबंदी अनिवार्य किए जाने की मांग उठाई है, जिससे संत समाज में नई बहस छिड़ गई है।

स्वामी सुमितानंद महाराज ने संतों और कथावाचकों पर लगातार आ रहे यौन शोषण के मामलों पर गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं से न केवल संबंधित संतों की व्यक्तिगत छवि धूमिल होती है, बल्कि पूरे संत समाज और सनातन परंपरा की प्रतिष्ठा पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। संत समाज की मर्यादा और गरिमा को बनाए रखने के लिए अब ठोस कदम उठाने की सख्त जरूरत है।

संन्यास ग्रहण करने से पहले प्रमाणपत्र की हो व्यवस्था
इस तरह के मामलों पर रोक लगाने के लिए स्वामी सुमितानंद ने सुझाव दिया है कि भविष्य में जो भी व्यक्ति साधु या संत बनने की इच्छा रखे, उसके लिए संन्यास ग्रहण करने से पहले नसबंदी कराना अनिवार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि साधु बनने की औपचारिक प्रक्रिया के दौरान नसबंदी का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने का नियम लागू होना चाहिए। उनका मानना है कि इस तरह के कड़े प्रावधानों से संतों पर लगने वाले यौन शोषण के झूठे या सच्चे आरोपों पर काफी हद तक अंकुश लगाने में मदद मिल सकेगी।

संन्यास की पुरानी परंपरा का दिया हवाला
संन्यास की प्राचीन परंपराओं का जिक्र करते हुए स्वामी सुमितानंद महाराज ने कहा कि पूर्वकाल में संन्यास ग्रहण करने के समय शरीर की एक खास नस दबाने की परंपरा प्रचलित थी, जो समय के साथ अब लगभग समाप्त हो चुकी है। उन्होंने पैरवी करते हुए कहा कि उसी पुरानी परंपरा के आधुनिक स्वरूप के रूप में संत बनने से पहले नसबंदी को अनिवार्य बनाने की व्यवस्था पर विचार किया जाना चाहिए।

उन्होंने अंत में कहा कि एक संत का जीवन पूरी तरह त्याग, तपस्या, संयम और ब्रह्मचर्य पर आधारित होता है। संत बनने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए इन उच्च मर्यादाओं का पालन करना सर्वोपरि होना चाहिए। संतों पर बार-बार लग रहे इन गंभीर आरोपों से समाज में गलत संदेश जा रहा है, इसलिए संत समाज को आत्ममंथन करके ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे भविष्य में ऐसे विवादों से बचा जा सके।