पथ प्रवाह, रामनगर/नैनीताल।
पिता की हत्या का बदला लेने की सनक में एक व्यक्ति ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर 56 वर्षीय महिला को मौत के घाट उतार दिया। रामनगर के किशनपुर छोई गांव में हुई विमला देवी की निर्मम हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की फिराक में था। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने महिला के शव को वाहन में डालकर घटनास्थल के पास फेंक दिया था।
घर के बाहर पड़ा मिला महिला का शव
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को डायल 112 के माध्यम से रामनगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तो शव की पहचान 56 वर्षीय विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट के रूप में हुई। महिला के शरीर पर चोटों के गंभीर निशान मिलने से मामला हत्या का प्रतीत हुआ। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतका के पुत्र की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी में कैद वारदात, तीन लोगों की भूमिका आई सामने
महिला की हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस तथा एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो पुलिस के हाथ अहम सुराग लग गया। फुटेज में तीन संदिग्ध महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद आरोपियों को वाहन के माध्यम से महिला का शव घटनास्थल के पास फेंकते हुए भी देखा गया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।
पिता की हत्या का बदला लेने के लिए रची साजिश
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता कर विमला हत्याकांड का खुलासा किया। बताया कि पुलिस की जांच में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल की भूमिका सामने आई। मोहित अपने पिता गोविंद सिंह की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की भावना रखता था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विमला देवी को निशाना बनाया और उसकी हत्या कर दी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके दोनों साथी सैरान और मो. अब्बूजर को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय दबोच लिया गया, जब वे क्षेत्र से फरार होने की फिराक में थे।
हत्या में इस्तेमाल डंडे, लोहे का पाना और पत्थर बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन डंडे, एक लोहे का पाना और एक पत्थर बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त वाहन संख्या UK04 AN6012 और मृतका के पेटीकोट का नाड़ा भी बरामद किया गया है।
एसएसपी ने पुलिस टीम को किया पुरस्कृत
हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में रामनगर कोतवाली पुलिस और एसओजी के कुल 26 पुलिसकर्मी शामिल रहे। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम की सफलता पर 2,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
गिरफ्तार आरोपी:
मोहित फर्त्याल (32), निवासी किशनपुर छोई, रामनगर, सैरान (21), निवासी खताड़ी, रामनगर, मो. अब्बूजर (22), निवासी खताड़ी, रामनगर।


