करवा चौथ पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए व्रत रखने की झूठी खबर फैलाने का आरोप
देहरादून।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने महिला सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को कथित तौर पर भ्रामक और झूठे तथ्यों के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को नेहा शर्मा ने थाना राजपुर में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि सांसद कंगना रनौत का राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर भ्रामक कैप्शन, पोस्ट, रील और टिप्पणियों के साथ प्रसारित किया जा रहा है।
शिकायत में कहा गया है कि वीडियो के साथ यह झूठा दावा किया जा रहा है कि कंगना रनौत ने 29 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए करवा चौथ का वैवाहिक व्रत रखा था। आरोप है कि इस तरह वीडियो को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर सांसद की गरिमा और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ महिलाओं के सम्मान और धार्मिक भावनाओं को भी आहत किया जा रहा है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 275/26 के तहत आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D) तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को सौंपी गई है। पुलिस विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो प्रसारित करने वाले अज्ञात अकाउंट और उनके संचालकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


