पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने हरिद्वार में छठ व्रतधारी श्रद्धालुओं से भेंट कर लिया मां गंगा का आशीर्वाद




Listen to this article

News 127, हरिद्वार।
छठ महापर्व के पावन अवसर पर पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मोतिहारी से सांसद राधा मोहन सिंह ने हरिद्वार पहुंचकर विभिन्न छठ घाटों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छठ व्रतधारी महिलाओं और पुरुषों से भेंट कर उन्हें महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनका कुशलक्षेम जाना। इस यात्रा में उनके साथ हरिद्वार की महापौर किरण जैसल एवं भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अपने दौरे की शुरुआत में राधा मोहन सिंह गोविंद घाट पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनकी आस्था को नमन किया। इसके पश्चात उन्होंने विश्व प्रसिद्ध हर की पौड़ी पहुंचकर मां गंगा के दर्शन किए और विधिवत पूजन किया। इसके बाद उन्होंने सप्तसरोवर घाट का भी रुख किया और वहां मौजूद व्रतधारियों से मिलकर इस महान लोक पर्व की बधाई दी।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राधा मोहन सिंह ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का एक अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व हमें सूर्य उपासना, कड़े अनुशासन, स्वच्छता और समाज के प्रति समर्पण का संदेश देता है। छठी मैया और भगवान सूर्य की उपासना के माध्यम से राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।

हरिद्वार की महापौर किरण जैसल ने कहा कि हरिद्वार धर्म और आस्था की नगरी है, जहां सभी पर्व आपसी भाईचारे और श्रद्धा के साथ मनाए जाते हैं। वहीं, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हरिद्वार में छठ पूजा के अवसर पर विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति भाव हमारी सांस्कृतिक एकता एवं धार्मिक परंपराओं की मजबूती का परिचायक है।

इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने छठी मैया से देश और समाज की खुशहाली तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद अनिल मिश्रा, चंद्रकांत पांडे, अजीत कुमार, उज्ज्वल पंडित और आकाश भाटी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।