न्यूज 127, खटीमा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार देर शाम खटीमा में पूर्वांचल सेवा समिति की ओर से आयोजित छठ महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने भगवान सूर्य नारायण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने वार्ड संख्या 14 में संजय रेलवे पार्क के समीप छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया।
महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनूठा संगम है। उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा हमें सिखाती है कि सम्मान केवल शिखर पर पहुंचने वालों का ही नहीं, बल्कि संघर्ष के दौर से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व उत्तराखंड और पूर्वांचल की संस्कृतियों को जोड़ते हुए विविधता में एकता की सुंदर मिसाल प्रस्तुत करता है। पूर्वांचल सेवा समिति और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूती प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार विकास भी और विरासत भी के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। खटीमा में आस्था के सम्मान और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्र में प्रतिवर्ष होने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत का ड्रेनेज प्लान स्वीकृत किया गया है। इसका भूमिपूजन जल्द किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खटीमा चौराहे से मेलाघाट रोड तक हॉटमिक्स कार्य, मुख्य चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण, मजोला रोड और नानकसागर से 17 मील तक करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण के कार्य तेजी से चल रहे हैं। सीमावर्ती गांवों को प्रधानमंत्री की संकल्पना के अनुरूप प्रथम गांव मानते हुए मेलाघाट, सिसैया और नगला तराई के विकास के लिए 12 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। भारामल बाबा मंदिर क्षेत्र में भी सौंदर्यीकरण और सुविधाओं का विकास किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय की नई इमारत तैयार हो चुकी है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए केंद्रीय मंत्री ने 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की है। इसके अलावा आईटीआई, पॉलिटेक्निक, बाईपास और अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि चकरपुर में वन चेतना मैदान और वनखंडी महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। भविष्य में यह क्षेत्र एक बड़े आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समिति पदाधिकारियों और एक चिकित्सक को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, पूर्वांचल सेवा समिति अध्यक्ष ठाकुर अजय सिंह, महेंद्र प्रताप, प्रकाश चंद तिवारी, रणजीत सिंह नामधारी, अंकित पांडेय, कमला सिंह, एसके पटेल, अजय प्रताप सिंह, नरेश यादव, अशोक सिंह, रंजना सिंह, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।


