लाखों का पैकेज छोड़ आशिमा ने हासिल की UPSC में 65वीं रैंक, अब संभालेंगी हल्द्वानी की कमान




Listen to this article

न्यूज 127, हल्द्वानी।
लाखों रुपये का कॉर्पोरेट पैकेज छोड़कर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 65वीं रैंक हासिल करने वाली आईएएस अधिकारी आशिमा गोयल ने नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के नगर आयुक्त का कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया।

पत्रकारों से बातचीत में नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने कहा कि हल्द्वानी तेजी से विकसित हो रहा है। बढ़ती आबादी और शहरी जरूरतों के अनुरूप नगर निगम की व्यवस्थाओं को भी मजबूत करना आवश्यक है। उनका प्रयास रहेगा कि नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार नगर निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सफाई व्यवस्था को शहर की प्रमुख चुनौतियों में शामिल बताते हुए इस दिशा में गंभीरता से काम करने की बात कही।

वर्ष 2022 बैच की आईएएस अधिकारी आशिमा गोयल मूल रूप से हरियाणा के बल्लभगढ़ की निवासी हैं। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और एमटेक की पढ़ाई की। इसके बाद कॉर्पोरेट क्षेत्र में नौकरी करने के बजाय सिविल सेवा में जाने का निर्णय लिया। यूपीएससी परीक्षा 2019 में दूसरे प्रयास में 65वीं रैंक हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रशिक्षण के बाद उन्हें केरल कैडर आवंटित हुआ था। वर्ष 2022 में आईएफएस अधिकारी राहुल मिश्रा से विवाह के बाद उनका कैडर उत्तराखंड स्थानांतरित हो गया। अब उन्हें हल्द्वानी नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके सामने शहर की सफाई, नागरिक सुविधाओं और नगर निगम की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने की चुनौती होगी।