श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
हरिद्वार
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, टिहरी की ओर से आयोजित अंतर महाविद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता (2026-27) में एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, हरिद्वार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग के टीम इवेंट में तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन ऋषिकेश स्थित पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया।
प्रतियोगिता के पहले दिन एचईसी संस्थान की बैडमिंटन टीम ने अपने दमदार खेल से प्रतिद्वंद्वी टीमों को कड़ी चुनौती दी। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में संस्थान की टीम ने गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, जखोली को पराजित किया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, डाकपत्थर को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर टीम ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
टीम इवेंट में संस्थान की ओर से भविष्य जोशी, भार्गव, राघव, अमन और विशु सहित अन्य खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। संस्थान के स्पोर्ट्स इंचार्ज शशांक गौतम ने बताया कि प्रतियोगिता के अगले दिन एकल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संस्थान के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
टीम की इस उपलब्धि पर संस्थान के चेयरमैन संदीप चौधरी और प्राचार्या डॉ. तृप्ति अग्रवाल ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।


