एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने गढ़ गंगा मेला और मेरठ में वीवीआईपी कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ/हापुड़ (जोजो):
अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) मेरठ जोन, भानु भास्कर ने आगामी कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान पर्व और वीवीआईपी के प्रस्तावित कार्यक्रमों को सकुशल संपन्न कराने के लिए हापुड़ और मेरठ में सुरक्षा व्यवस्थाओं की सघन समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एडीजी ने मंडलायुक्त मेरठ, डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र, जिलाधिकारी हापुड़ और पुलिस अधीक्षक हापुड़ के साथ प्रसिद्ध गढ़ गंगा मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने घाटों, आरती स्थलों और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया। साथ ही, वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर बनाए गए हेलीपैड और अस्थायी पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। मेला क्षेत्र में पैदल गश्त करने के बाद उन्होंने मीटिंग हॉल में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग की और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के कड़े निर्देश दिए।

इसके पश्चात, एडीजी ने डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र, एसएसपी मेरठ, एसपी सिटी, एसपी देहात और अन्य अधिकारियों के साथ मेरठ के थाना लालकुर्ती क्षेत्र स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम (माल रोड, कैंट) का दौरा किया। उन्होंने प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत स्टेडियम के संपूर्ण परिसर, सभास्थल, सुरक्षा घेरे, यातायात और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा के कड़े मानक सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए।