न्यूज 127, गौचर (चमोली)।
उत्तराखंड की ऐतिहासिक व्यापारिक परंपरा और समृद्ध लोकसंस्कृति के प्रतीक 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत शुभारंभ किया। सात दिवसीय मेले का उद्घाटन उन्होंने पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का बैंड की मधुर धुनों और पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोकसंस्कृति के रंग बिखेरे। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को मेले का शुभंकर भेंट किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1943 में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और तत्कालीन प्रशासन के सहयोग से इसकी शुरुआत भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र था। यहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था।
उन्होंने कहा कि समय के साथ इस मेले ने अपना स्वरूप विस्तृत किया और आज यह औद्योगिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के रूप में देशभर में पहचान बना चुका है। मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर प्रदान करता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल संकल्प को साकार करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली जनपद भगवान बदरी विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। यहां की सांस्कृतिक विरासत और वीरभूमि का देश के इतिहास में विशेष स्थान है। सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। इससे स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने और मातृशक्ति को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने सभी क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश के विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पहचान का संरक्षण भी सरकार की प्राथमिकता है।


