न्यूज 127, हरिद्वार।
ज्वालापुर के सुभाष नगर में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। प्रॉपर्टी डीलर ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर अपने कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारी पर गोलियां बरसा दीं। जानलेवा हमले की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर हरकत में आई पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को बुग्गावाला थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से तीन हथियार, जिंदा कारतूस, खोखे और वारदात में इस्तेमाल फॉर्च्यूनर कार बरामद की गई है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, सुभाष नगर ज्वालापुर निवासी निशांत यादव पुत्र राजनाथ यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12-13 नवंबर की रात ब्रेजा और फॉर्च्यूनर कार में सवार पांच लोगों ने उस पर जान से मारने की नीयत से पिस्तौल से फायरिंग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुड्डू चौधरी, मनोज कुमार, अंकुर वर्मा उर्फ हन्नी, हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर ने बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
13 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुग्गावाला थाना क्षेत्र में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू चौधरी निवासी शिवालिक नगर, रानीपुर, मनोज कुमार निवासी बिटावड़ा, थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर, हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, रानीपुर और संदीप उर्फ मोनू निवासी चंदनहेड़ी ख्वाजापुर, थाना छपरौली, बागपत के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर की एक राइफल, छह जिंदा कारतूस और दो खोखे, 12 बोर की पंप एक्शन गन और चार जिंदा कारतूस तथा 32 बोर की एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल यूके-08 बीक्यू-9009 नंबर की फॉर्च्यूनर कार भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस ने दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/29 की बढ़ोतरी की है। फरार पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर चारों आरोपियों का चालान कर दिया है।


