सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को दी समयसीमा, बोले– योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर अब विकास कार्यों में तेजी लाने की कवायद तेज हो गई है। सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को दिसंबर माह के अंत तक सभी आवश्यक सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनवरी से शुरू होने वाले कुंभ मेले में श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

गुरुवार को कुंभ मेला नियंत्रण भवन सभागार में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाएं केवल कागजों और आंकड़ों तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचे।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, पोषण अभियान तथा रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पात्र लाभार्थियों का पारदर्शी तरीके से चयन किया जाए और योजनाओं से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण हो।

पेंशन से वंचित पात्र लोगों को चिह्नित करें
सांसद त्रिवेंद्र रावत ने वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन का लाभ नहीं ले पा रहे पात्र लोगों को चिह्नित कर जल्द लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक बालिकाओं और उनके अभिभावकों को इससे जोड़ने पर भी जोर दिया।

सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के प्रयासों की सराहना
बैठक में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सांसद ने विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और परिवहन विभाग के अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में पिछले तीन माह से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अन्य विभागों को भी इसी तरह सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।

बैठक में पेयजल आपूर्ति, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभिन्न केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि सांसद की ओर से दिए गए निर्देशों का सभी विभागों से शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की लगातार निगरानी की जा रही है।

बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, महापौर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक अनुपमा रावत, विधायक वीरेंद्र कुमार जाति, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।